बदायूं। बदायूं-मेरठ हाईवे पर गांव पीतम नगर के पास एक तेज रफ्तार बस ने आगे जा रही इको कार में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार महिला रीता (21) की मौत हो गई, तीन अन्य घायल हो गए। कार में सवार परिवार दीपावली मनाने दिल्ली से शाहजहांपुर स्थित अपने घर जा रहा था।
अवनीश कुमार वर्मा निवासी बाडूजई थाना सदर जिला शाहजहांपुर इको कार से दिल्ली से दिवाली मनाने अपने घर जा रहे थे। कार में उनके साथ भाभी रीता (29) पत्नी आदित्य वर्मा, आकाश सक्सेना, अविनाश सक्सेना और ड्राइवर साजिद समेत कुल पांच लोग थे।
गांव उमरा निवासी साजिद कार चला रहा था। खंदक गांव से पहले किसी बस ने कार में पीछे से टक्कर मार दी। चालक बस लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने रीता को मृत घोषित कर दिया।
अवनीश कुमार को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल राजेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। वाहन की तलाश की जा रही है।
वाहन की टक्कर में दंपती घायल
बदायूं। मेरठ हाईवे पर गांव नगला चोई के पास हुआ। शाहजहांपुर जनपद के गांव सरईया निवासी धनपाल अपनी पत्नी प्रवेश देवी के साथ बाइक से गुन्नौर की ओर से शाहजहांपुर अपने गांव जा रहे थे। चोई की पुलिया के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पीआरबी ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। संवाद
तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आया ई-रिक्शा, एक की मौत, एक जख्मी
- अलापुर थाना क्षेत्र के गांव संजरपुर के पास रविवार सुबह हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
अलापुर। क्षेत्र के गांव संजरपुर के पास रविवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। सूचना पर रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
थाना क्षेत्र के कस्बा सखानू के वार्ड नंबर नौ निवासी मशरूर (45) पुत्र अब्दुल कफील अपने साथ आजाद पुत्र अब्दुल कादिर ई-रिक्शा से सखानू से अलापुर जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि दोनों युवक अलापुर बाजार में खरीदारी करने के लिए निकले थे। जब वह गांव संजरपुर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलाें को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मशरूर को मृत घोषित कर दिया, जबकि आजाद की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने डीसीएम थाने पर खड़ी कराई है।
क्ष्रतिग्रस्त ई-रिक्शा। संवाद