उझानी में पुलिया की रेलिंग पर चढ़ी बस देखते यात्री। संवाद
उझानी। बरेली जा रही मथुरा डिपो की रोडवेज बस किसी वाहन सवार को बचाने की कोशिश में बेकाबू हो गई। बस का अगला हिस्सा सड़क किनारे पुलिया की रेलिंग पर चढ़ गया। हादसा बरेली-मथुरा हाईवे पर वितरोई मोड़ के पास अल्लीपुर की पुलिया पर हुआ। चालक की सूझबूझ से हादसा बच गया। किसी भी यात्री को चोट नहीं लगी है।
मथुरा डिपो की रोडवेज बस रविवार दोपहर मथुरा से बरेली के लिए चली थी। रास्ते में हाथरस और कासगंज में यात्रियों को उतारने के बाद 40 बचे थे। यात्रियों ने अचानक ही पुलिया से बस के भिड़ने की आवाज सुनी, तभी चीख- पुकार मच गई। उन्होंने नीचे उतर देखा तो बस का अगला हिस्सा पुलिया की रेलिंग पर चढ़ा चुका था। चालक बस से कूदकर भाग गया। महिला परिचालक की सूचना के बाद मौके पर पुलिस कर्मी भी पहुंच गए।
परिचालक ने पुलिस को बताया कि सामने से अचानक ही कार आ जाने के बाद चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, उसी समय बस बेकाबू हो गई। हादसे में किसी भी यात्री के चोट नहीं आई है। यात्री बदायूं में कबूलपुरा निवासी जाहिद ने बताया कि बस रेलिंग पर चढ़ने के बाद नहीं रुकती तो वह पुलिया के नीचे गहरी खाई में गिर जाती।
ऐसे में यात्रियों की जान पर जोखिम बढ़ जाता। पुलिस और महिला परिचालक ने रोडवेज की दूसरी बस से यात्रियों को बदायूं और बरेली तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई। बाद में बस को क्रेन की मदद से पीछे हटाया गया।