पशुपालक से घटना की जानकारी जुटाती पुलिस। संवाद
- फोटो : अमर उजाला
कुंवरगांव। थानाक्षेत्र के मुहीउद्दीननगर के मजरा प्रहलादपुर गांव में शुक्रवार दोपहर करंट लगने से एक भैंस की मौत हो गई। घटना से पशुपालक परिवार को आर्थिक क्षति पहुंची है।
गांव निवासी तालेवर पुत्र छत्रपाल ने बताया कि उनकी भैंस घर के बाहर बंधी हुई थी। पास ही सड़क के किनारे लगे विद्युत पोल के तार में करंट आ रहा था। इसी दौरान भैंस उसकी चपेट में आकर मौके पर ही मर गई। तालेवर ने बताया कि वह भैंस का दूध बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। भैंस की मौत से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पशु चिकित्सक से भैंस का पोस्टमॉर्टम कराकर उसे दफन करवा दिया। पीड़ित ने विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उसका कहना है कि कुछ दिन पहले आई आंधी के बाद बिजली का तार खंभे से सट गया था, जिसकी शिकायत विभाग के जेई से की गई थी, लेकिन समय रहते उसे ठीक नहीं कराया गया। इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हो गया। संवाद