प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी देते बीएसएनएल के सहायक महाप्रबंधक। संवाद
बदायूं। बीएसएनएल ने ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए हर घर फाइबर, हर गांव डिजिटल अभियान तेज कर दिया है।
सहायक महाप्रबंधक दूरसंचार (एजीएम) मयंक रस्तोगी ने बुधवार को प्रेसवार्ता में कहा कि बीएसएनएल ने ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए मात्र 259 रुपये प्रतिमाह का नया रूरल एंट्री फाइबर प्लान लांच किया है। इसमें 25 एमबीपीएस तक की स्पीड, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग के साथ ही प्रसार भारती के बेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म का लाभ मिलेगा।
सहायक प्रबंधक ने बताया कि भारतनेट परियोजना के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। नेटवर्क की विश्वसनीयता के लिए ग्राम पंचायतों को रिंग आर्किटेक्चर में जोड़ने की कवायद चल रही है। इससे फाइबर कट होने पर भी वैकल्पिक मार्ग से इंटरनेट चालू रहेगा। संवाद