बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के बक्सर खालसा गांव में गाली-गलौज का विरोध करने पर सात लोगों ने दो भाइयों के साथ मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने आए परिजनों को भी धमकी दी गई। मामले में सातों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है।
गांव निवासी नीरज कुमार ने पुलिस को बताया कि बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने छोटे भाई रोहित और पिता लेखराज के साथ खेत से लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में परिवार के ही छोटे लाल, सत्यप्रकाश, राहुल, ओमेंद्र, अजय वीरेश और रनवीर ने उन्हें गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पिता और चाचा बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में उसे और उसके भाई को चोटें आई। दोनों का सहसवान के सीएचसी में उपचार कराया गया। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद