बदायूं। कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव गरौलिया में बुधवार शाम छत से गिरकर ईंट-भट्ठा मजदूर की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को कादरचौक पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। मजदूर की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना क्षेत्र के गरौलिया गांव निवासी अनेक पाल (40) पुत्र रामचंद्र ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। उनके दो बेटे एवं एक बेटी है। परिजनों ने बताया कि बुधवार को अनेक पाल के पड़ोस में रहने वाले चाचा शिवशरन के घर का लिंटर डालने के लिए छत का झूला बांधा जा रहा था।
अनेक पाल शाम के समय झूला देखने के लिए अपनी छत पर चढ़े थे। इसी बीच उनका छत पर किसी तरह पैर फिसल गया, जिससे वह छत से पक्की सड़क पर गिर गए। सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां देर रात करीब नौ बजे अनेक पाल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
अनेक पाल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अनेक पाल का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। कादरचौक एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि छत से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।