बदायूं। शर्तों को पूरा न करने और समय से रायल्टी जमा न करने के साथ प्रदूषण फैला रहे ईंट भट्ठों को लेकर प्रशासन गंभीर हो गया है। जिले में ऐसे करीब 60 ईंट भट्ठे चिह्नित किए गए हैं और कार्रवाई भी शुरू हो गई है। हाल में प्रशासन ने बिसौली में छह ईंट भट्टों पर जेसीबी चलवा दी थी। जिला पंचायत और प्रशासन की ओर से नोटिस मिलने के बाद ईंट भट्ठा संचालकों में हड़कंप है।
ईंट भट्ठा लगाने के लिए जिला पंचायत की ओर से लाइसेंस जारी किया जाता है। भट्ठा चालू करने से पूर्व प्रदूषण संबंधी एनओसी की भी जरूरत होती है। खनन के लिए रायल्टी देनी होती है। इसके अलावा भी लाइसेंस की शर्तें होती हैं। जिले में काफी संख्या में ऐसे ईंट भट्ठे हैं जो नियमों को दरकिनार करते हुए चलाए जा रहे हैं। कई तो मानकों से ज्यादा प्रदूषण फैला रहे हैं। इनकी चिमनियों से निकलने वाला धुआं हवा में जहर घोलने का काम कर रहा है। ईंट भट्ठा संचालक समय से रायल्टी भी जमा नहीं कर रहे। करीब दो दर्जन ईंट भट्ठा मालिक लाखों रुपये की रायल्टी दबाए बैठे हैं। बिना लाइसेंस और रायल्टी जमा किए इन भट्ठों की चिमनियां धुआं उगल रही हैं। जिला पंचायत और जिला प्रशासन की ओर से कई नोटिस भी भट्ठा मालिकों को भेजे गए, लेकिन भट्ठा संचालक इन नोटिस को नजरअंदाज करते रहे। प्रशासन अब भट्ठों को लेकर सख्त हो गया है।
जिला पंचायत और प्रशासन ने जिले में करीब 60 ऐसे भट्ठे चिह्न्ति किए हैं जिनके पास वैध लाइसेंस नहीं है और लाखों रुपये की रायल्टी भी दबाए बैठे हैं। अनधिकृत रूप से चल रहे ईंट भट्ठों में कई असरदार नेताओं के भी हैं। ऐसे में कई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हो पा रही थी, लेकिन अब भट्ठा संचालकों को नोटिस देने के साथ कार्रवाई चालू हो गई है। बिसौली में हाल ही में छह भट्ठों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो चुकी है। ऐसे में भट्ठा संचालकों में हड़कंप है।
अनधिकृत रूप से चल रहे और रायल्टी न जमा करने वाले ईंट भट्ठों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिन भट्ठों के पास लाइसेंस नहीं है या जो लाइसेंस की शर्तों को पूरा नहीं कर रहे हैं ऐसे भट्ठों को चलने नहीं दिया जाएगा। ऐसे भट्ठों को चिह्नित कराकर कार्रवाई की जा रही है। बिसौली में भी हाल ही में आधा दर्जन भट्ठों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
-ऋतु पुनिया, एडीएम प्रशासन