बदायूं। शराब की दुकानों पर कालाबाजारी रुक नहीं पा रही है। बीते छह महीने में 25 दुकानों पर कालाबाजारी पकड़ी गई। उनसे 18.25 लाख रुपये अर्थदंड वसूला गया है।
जिले में करीब 300 से ज्यादा शराब की दुकानें हैं। दुकानों पर कालाबाजारी को लेकर लगातार शिकायतें आ रहीं थीं। बीते दिनों खुद मंडलायुक्त ने शराब की दुकानों की चेकिंग कराई थी। इसमें बदायूं में भी दुकानों पर कालाबाजारी होती मिली, जिस पर जुर्माना डाला गया। पहले कालाबाजारी के काफी मामले काफी थे।
जुलाई में आए जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार ने लगातार चेकिंग अभियान चलाया। इसके बाद पिछले छह महीने में चेकिंग के दौरान जिले की 25 दुकानों पर कालाबाजारी होती पकड़ी गई। कुछ दुकानों के तो वीडियो तक वायरल हुए। जिन 25 दुकानों पर कालाबाजारी होती मिली है, उनपर 18.25 लाख रुपये अर्थदंड डाला गया।
आबकारी विभाग ने ये रुपये दुकान स्वामियों से जमा भी करवा लिए। जिन 25 दुकानों में कालाबाजारी पकड़ी गई, उनमें दो दुकानें ऐसी हैं जिसमें दूसरी बार कालाबाजारी पकड़ी गई है। इन पर डेढ़-डेढ़ लाख रुपये अर्थदंड डाला गया है।
शराब की दुकानों पर लगातार चेकिंग की जा रही है। पिछले छह महीने में 18.25 लाख रुपये अर्थदंड भी वसूला गया है। लगातार राजस्व भी बढ़ा है। -संजीव कुमार सिंह, जिला आबकारी अधिकारी