बिसौली (बदायूं)। कोतवाली इलाके में शनिवार रात बाइक सवार बदमाशों ने कासगंज के एक व्यक्ति से तीन हजार रुपये लूट लिए और उसकी बाइक की चाबी भी ले गए। उसने पुलिस पर कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
कासगंज के अख्तऊ निवासी राजेंद्र श्रीवास्तव बाइक से बिसौली आए थे। राजेंद्र के मुताबिक वह शनिवार रात करीब आठ बजे घर लौट रहे थे। उनकी बाइक रानेट चौराहे से कुछ आगे पहुंची थी कि तभी बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पीछा करते हुए तमंचे के बल पर उन्हें रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बदमाशों ने उनकी जेब से 3065 रुपये लूट लिए और उनकी बाइक की चाबी भी लूट ली। उसके बाद बदमाश मौके से भाग गए। उनका कहना है कि वह किसी तरह पुलिस चौकी पहुंचे लेकिन वहां मौजूद चौकी इंचार्ज ने उनकी नहीं सुनी। उन्हें फर्जी मामला बताते हुए भगा दिया गया और पीटने तक को कहा गया।
राजेंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में इंस्पेक्टर राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता उनके पास नहीं आया था। शायद उसका चालान हो गया है। इससे वह आरोप लगा रहा है। मामले की जांच कराई जाएगी। संवाद