बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के रानेट चौराहे से पहले निर्माणाधीन पुल के पास बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे बाइक सवार तीन लोगों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में संभल के युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो रिश्तेदार घायल हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। शव को जिला मुख्यालय की मोर्चरी में रखवाया है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी रोते-बिलखते पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संभल जिले के थाना धनारी के गांव संभल निवासी अशोक कुमार (32 साल) पुत्र कालीचरन बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव परौली गांव होली मिलने आए थे। बताया गया है कि वहां से अपने रिश्तेरदार परौली निवासी गोविंद व अलीगढ़ के रहने वाले निहाल सिंह को साथ लेकर किसी काम से बिसौली बाइक से आ रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव रानेट के पास बन रहे पुल के पास पहुंची कि सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बिसौली पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने अशोक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों व रिश्तेदारों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग आ गए। वही मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। पुलिस ने शव को जिला मुख्यालय की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।