वजीरगंज। स्कूल से घर लौट रहे साइकिल सवार छात्र पर एक बाइक सवार ने रस्सी का फंदा डालकर काफी दूर तक घसीटा। इससे छात्र की जान पर बन आई। फंदा निकल जाने से वह मुक्त हो गया। छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वीरमपुर गांव निवासी नरसिंह का पुत्र आयुष कक्षा छह का छात्र है। वह सोमवार को साइकिल से घर लौट रहा था। कन्जुआ गांव के पास गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे मार्ग पर पीछे से आए बाइक सवार ने छात्र पर रस्सी का फंदा डाल दिया। उसमें वह उलझ गया। उसके उलझते ही बाइक सवार ने बाइक की गति बढ़ा दी। इससे वह छह-सात मीटर तक घसीटता चला गया। वह किसी तरह फंदे से मुक्त हुआ।
इसके बाद बाइक सवार भी मौके से भाग गया, उसका पता नहीं लग सका है। कुछ दूर और वह घसीटा गया होता तो उसकी जान मुश्किल में पड़ जाती। छात्र ने पूरा वाकया घर जाकर बताया। इसके बाद हुई शिकायत पर पुलिस ने संज्ञान में लिया है। वजीरगंज थाने के एसएसआई सुपेंद्र मलिक ने बताया पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई होगी।