कादरचौक थाना क्षेत्र में गांव कुढाशाहपुर मोड़ पर मंगलवार को सुबह हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसकी पत्नी और बेटा घायल हो गए।
बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में बाइक सवार दंपती को पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे पति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी व बेटा घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
विज्ञापन
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव माधुरी नगला निवासी रामकिशोर (36 वर्ष) अपनी पत्नी पुष्पा व छह वर्षीय पुत्र नंदराम के साथ उझानी के गांव रसूलपुर अपनी ससुराल में शादी समारोह में गए थे। वहां से मंगलवार सुबह 10 बजे बाइक से घर लौट रहे थे।
उनकी बाइक कादरचौक थाना क्षेत्र के कुढाशाहपुर मोड़ के पास पहुंची थी, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक चला रहे रामकिशोर की मौत हो गई। उनकी पत्नी पुष्पा और बेटा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पर उपचार कराया और जिला अस्पताल भेज दिया।