बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर गांव परौली के पास शनिवार सुबह छह बजे अचानक सड़क पर आए कुत्ते से बाइक के टकरा जाने से भाई-बहन गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया।
रामपुर जिले के शाहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव जूनैया निवासी शिवम पुत्र श्याम सुंदर अपनी फुफेरी बहन खुशी पुत्री दुर्गेश कुमार को उसके घर कासगंज जिले के सहावर छोड़ने बाइक से जा रहा था। शनिवार को जब वह कछला-शाहबाद हाईवे पर गांव परौली के निकट पहुंचे, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर आकर उनकी बाइक से टकरा गया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में शिवम और खुशी दोनों घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। उन्होंने एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस कर्मियों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों को मामूली चोटें आई हैं। हालत सामान्य होने पर उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।