बिल्सी तहसील में नायब तहसीलदार को ज्ञापन देती भाकियू। संवाद
बिल्सी। भारतीय हलधर किसान यूनियन ने शुक्रवार को कई समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया और नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव को ज्ञापन सौंपा। कहा गया है कि क्षेत्र के गांव सुंदरनगर निवासी अनमोल की तीन बीघा भूमि ग्राम परौली में है। उस पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है।
बताया कि वह अधिकारियों के चक्कर काट कर थक गया है। लिखित शिकायत भी दर्ज करा चुका है लेकिन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया है। भूमि को शीघ्र दबंगों से कब्जा मुक्त कराया जाए। इसके अलावा बिल्सी नगर में निर्माणाधीन रोडवेज बस स्टैंड के निकट श्रेणी तीन भूमि पर भी दबंगों ने कब्जा कर दुकानों को निर्माण कर लिया है। भूमि को कब्जा मुक्त करने के लिए पूर्व में नगर पालिका बिल्सी को आदेश दिए जा चुके हैं। फिर भी कार्रवाई नहीं की गई है। यूनियन के जिलाध्यक्ष राहुल सोलंकी ने कहा कि शीघ्र दोनों का समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर विजनेश सोलंकी, शाहनवाज अल्वी, अजीत गुर्जर, विवेक चौहान, पंकज सोलंकी आदि मौजूद रहे।