कप्तान चंदू को मैन ऑफ द मैच देते लालमन कोहली। संवाद
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बेहटा गुसाईं में चल रहे बीजीपीएल-8 क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को बेहटा चैलेंजर्स और सुपर इंडियन के बीच मैच खेला गया। इसमें बेहटा चैलेंजर्स ने सुपर इंडियन टीम को सात विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान बना लिया है।
बेहटा चैलेंजर्स के कप्तान चंदू ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले खेलते हुए बेहटा सुपर इंडियन की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 72 रन बनाए। इसमें नोबिता ने 17, तिलक ने पांच, विकास ने 15 और रामकिशन ने 16 रन की पारी खेली। वहीं बेहटा चैलेंजर्स की तरफ से गेंदबाजी करते हुए कप्तान चंदू ने चार, अंकुर, जगतपाल और ध्रुव ने एक-एक विकेट लिया। इसके बाद 73 रनों का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरी बेहटा चैलेंजर्स ने शुरू से धुंआधार पारी खेलते हुए तीन विकेट खोकर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। इसमें कप्तान चंदू ने 19 रन, संजय ने 12 रन, ध्रुव और जगतपाल ने छह-छह, अशोक ने 26 रन बनाए। बेहटा सुपर इंडियन की तरफ से गेंदबाजी करते हुए शिवम ने दो, तिलक ने एक विकेट लिया। इस प्रकार बेहटा चैलेंजर्स टीम को सात विकेट से विजयी घोषित किया गया। साथ ही टीम की ओर से कप्तान चंदू को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर मैन ऑफ द मैच दिया गया। इस मौके पर शुभम पूरी, ठाकुरदास कोहली, समोद पूरी, ईशू मिश्रा, देवा गुप्ता, लालमन कोहली, सुमित गुप्ता, कन्हैया गुप्ता, सोनू पूरी, अंकित शर्मा आदि मौजूद रहे।