बरेली-मथुरा हाईवे के बाईपास पर एआरटीओ चौराहे के पास सोमवार रात करीब पौने दो बजे भीषण हादसा हो गया था। तेज रफ्तार कर यूनिपोल से टकरा गई थी। टक्कर इतनी जबरदस्ती थी कि कार के परखच्चे उड़ गए थे। हादसे में सिविल लाइंस क्षेत्र के मोहल्ला कल्याण नगर निवासी लेखपाल हर्षित सक्सेना उर्फ राजा (23), दहेमी गांव निवासी रुबल (22), माल गोदाम रोड निवासी हर्षित गुप्ता (26 ) की मौत हो गई थी। जबकि कल्याण नगर निवासी अंकित (24) गंभीर रूप से घायल हुए थे। चारों दोस्त लेखपाल हर्षित सक्सेना का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। इस हादसे के बाद जहां तीनों परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, इस दुखद हादसे से पहले के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।
इन वीडियो को लोग फेसबुक, व्हाट्सएप समेत अन्य सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफॉर्म पर शेयर कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर इन वीडियो पर अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। वीडियो में देखा रहा है कि हादसे के दौरान दो कार के बीच रफ्तार की होड़ लगी हुई है। दोनों कार हाईवे पर रॉन्ग साइड दौड़ाई जा रही हैं। चालक स्टेयरिंग को तेजी से दाएं से बाएं और बाएं से दाएं करते हुए नजर आ रहा है। कार को हाईवे पर इधर-उधर लहराया जा रहा है। इसी बीच जिस कार से हादसा हुआ है। उसके चालक ने कार को सामने से आ रहे ट्रक के सामने ले जाकर कट मारा। जिससे कार उस ट्रक से भिड़ते हुए बचती हुई दिखाई दे रही है। इन वीडियो को देखकर लोगों ने कहा है कि शायद यह युवा कार को सीमित गति से चलाता तो यह हादसा नहीं होता।
घायल अंकित की हालत में सुधार
सड़क हादसे में घायल हुआ अंकित, बरेली के अस्पताल में भर्ती है। जहां उनका उपचार चल रहा है। कार का एयर बैग खुलने पर वह बाल-बाल बच गए थे, लेकिन उनके गंभीर चोटे आई थीं। परिजनों ने बताया अंकित की हालत में पहले से सुधार है।