बदायूं। अलापुर, जगत और दातागंज क्षेत्र के गांवों में बुखार का प्रकोप है। घर-घर मरीज हैं। ये मरीज सरकारी सिस्टम की जगह झोलाछाप और निजी डॉक्टरों पर भराेसा जता रहे हैं। यही वजह है कि सरकारी अस्पतालोंं में बेड खाली हैं और निजी अस्पतालों में भर्ती करने के लिए जगह कम पड़ रही है। कहीं बेड नहीं मिल रहा तो कहीं बेंच और कुर्सियों पर बैठाकर ड्रिप चढ़ाई जा रही है।
अलापुर, जगत और दातागंज क्षेत्र के मीरापुर, बीबीपुर, नैथू, रसूलपुर, नझियाई, रैपुरा, फकीराबाद, जमालपुर, बमनौसी, घनघोसी, पसरिया नगला समेत अन्य गांवों में ग्रामीण बुखार के मरीजों को लेकर परेशान हैं। गांव में बुखार होने की जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें जा रही हैं, मरीजों को बुखार या टाइफाइड बताकर प्राथमिक उपचार देकर वापस भेज दिया जा रहा है। लगातार बुखार रहने पर मरीज मजबूरी में निजी डॉक्टरों और झोलाछापों के पास पहुंच रहे हैं। मरीज निजी लैब में जांच करा रहे हैं तो डेंगू और मलेरिया पॉजिटिव आ रहा है। ऐसे में वह निजी डॉक्टरों और झोलाछापों के यहां इलाज करा रहे हैं।
सरकारी आंकड़े कम, परेशान मरीजों की संख्या ज्यादा
सरकारी रिकॉर्ड में डेंगू के 34 और मलेरिया के 636 पॉजिटिव मामले हैं, लेकिन गांवों में बीमारी का असर इससे कहीं ज्यादा महसूस होने की बात सामने आ रही है। यही अंतर स्वास्थ्य विभाग के लिए सबसे बड़ा सवाल बन रहा है। अगर सरकारी जांच में बीमारी कम मिल रही है, तो निजी इलाज की ओर इतनी बड़ी संख्या में मरीज कैसे इलाज करने के लिए पहुंच रहे हैं।
10 गांवों में लगाया शिविर 184 की मलेरिया जांच, सब निगेटिव
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को इस्लामनगर, ढकिया, अहमदनगर, सिरासौली, अंबियापुर, शेखूपुरा, नैथू समेत 10 गांव में शिविर लगाया। इसमें 623 की जांचें कराईं। 192 को बुखार मिला। इनमें 184 की मलेरिया जांच कराई, जबकि 20 लोगों की डेंगू की जांच कराई। यह सभी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं।
गांवों में अब भी निकल रहा लार्वा पॉजिटिव
गांवों में गंदगी का आलम यह है कि अब भी लार्वा पॉजिटिव निकल रहा है। मूसाझाग गांव में 52 घरों में सर्वे किया, इनमें दो घरों में लार्वा पॉजिटिव निकला। 113 कंटेनर्स की जांच की। इसमें भी दो लार्वा पॉजिटिव आए। नैथू गांवों में 110 घरों में सर्वे किया गया। इसमें पांच लार्वा पॉजिटिव आए हैं।
गांवों में लगातार टीमें भेजकर लोगों की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति बुखार से संक्रमित मिल रहे हैं उनको दवाएं दी जा रही हैं। साथ ही आशाएं, एएनएम लगातार गांवों में जांच कर रही हैं। - डॉ. विकास शर्मा, सीएमओ
स्वास्थ्य शिविर में 37 मरीजों की जांच, एक डेंगू पॉजिटिव
सैदपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से आरबीएस टीम ने मीरापुर गांव में शिविर लगाया। शिविर में 37 मरीजों का परीक्षण और जांच की गई। जांच में 23 वर्षीय रिंकी डेंगू पॉजिटिव पाई गईं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जुनैद मेंहदी ने बताया कि एंटीजन जांच में डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। ऐसे मरीजों के सैंपल एलाइजा जांच के लिए भेजे गए हैं। एलाइजा जांच के बाद ही डेंगू संक्रमण की पुष्टि मानी जाएगी। संवाद
बेंच पर लेटकर इलाज कराती महिला मरीज। संवाद