बदायूं। पूर्णिमा पर 26 सितंबर को कछला और अटैना गंगा घाट पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बदायूं पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए 25 सितंबर की रात आठ बजे से 26 सितंबर की रात आठ बजे तक जिले में डायवर्जन लागू रहेगा। कछला और अटैना घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों पर यह डायवर्जन लागू नहीं होगा।
सीओ यातायात सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बदायूं से हाथरस, अलीगढ़, मथुरा और राजस्थान की ओर जाने वाले हल्के, मध्यम और भारी वाहनों को उझानी बाईपास से मुजरिया, सहसवान, जरीफनगर, गुन्नौर, बबराला और अलीगढ़ होते हुए भेजा जाएगा। वहीं, बदायूं से कासगंज, एटा और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों को नौशेरा तिराहा, कादरचौक और गंजडुंडवारा के रास्ते आगे भेजा जाएगा।
मुजरिया चौराहे से कछला होते हुए कासगंज की ओर किसी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह सहसवान के कछला रोड से भी वाहनों को कछला होते हुए कासगंज जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बताया कि यातायात व्यवस्था संभालने के लिए नौशेरा तिराहा, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, उझानी बड़ा बाईपास, मुजरिया चौराहा और सहसवान के कछला रोड पर पुलिस और यातायात पुलिस की तैनाती रहेगी। वाहन चालकों से डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।