सहसवान। हाईवे पर अनियंत्रित बाइक फिसलने से बृहस्पतिवार शाम युवक की मौत हो गई। उसके साथ बाइक पर बैठा उसका फुफेरा भाई घायल हो गया, लेकिन वह वहां से कहीं चला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही दूसरे घायल युवक की तलाश शुरू कर दी है।
बदायूं-मेरठ हाईवे पर गांव सालिक नगला के पास हादसा हुआ। सड़क पर एक युवक अचेतावस्था में पड़ा हुआ था। पास में क्षतिग्रस्त बाइक भी पड़ी हुई थी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के अनुसार उसकी पहचान बरेली के राजूपुर के नाथ गौटिया मजरा रामपुर बुजुर्ग निवासी सूरजपाल (29) पुत्र बांकेलाल के रूप में हुई। सूचना पर मृतक के परिजन देर शाम यहां पहुंचे। मृतक के भाई होरी लाल ने बताया कि श्रीपाल और सूरजपाल आपस में ममेरे-फुफेरे भाई हैं। दोनों लोग बाइक से कहीं जा रहे थे। कुछ लोगों ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई थी। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे में युवक की माैत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। साथ ही दुर्घटना के दौरान बाइक पर सवार दूसरे युवक की तलाश की जा रही है।