बिल्सी। शाहबाद-कछला हाईवे पर स्थित बलदेव धाम खौंसारा में बुधवार की रात श्री बालाजी महाराज का जन्मोत्सव भक्तों ने धार्मिक उल्लास के साथ मनाया। जन्मोत्सव के अवसर पर दिनभर आध्यात्मिक कार्यक्रमों की शृंखला चलती रही, जिनमें दूर-दूर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य अर्जित किया। यहां आयोजित तीन दिवसीय सर्व कष्ट निवारण यज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर परिवार और समाज की मंगलकामना की। सुबह से लेकर शाम तक यज्ञ स्थल पर जय बजरंगबली के जयघोष गूंजते रहे।
उसके बाद मंदिर परिसर में संकीर्तन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद रही। भजन सम्राट रामकुमार लक्खा व रुचि किनकर ने अपने भजनों से समा बांध दिया। संकीर्तन मंडप में रातभर भक्तिमय माहौल बना रहा। दोनों कलाकारों ने संगीतमय भेंटों से ऐसा भाव-विभोर वातावरण बनाया कि देररात तक श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे।
बलदेव धाम के पीठाधीश्वर महंत ललितेश्वरानंद महाराज ने सभी भक्तों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि कलियुग में बालाजी महाराज की असीम कृपा से ही मनुष्य के जीवन के कष्ट दूर होते हैं। जो भी सच्चे मन से धाम आता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूरी होती है। उन्होंने भक्तों को प्रसाद और सिद्ध रुद्राक्ष उपहार स्वरूप भेंट किए।
इसके अलावा कार्यक्रम को सफल बनाने वाले रजनीश शर्मा, मृदुल शर्मा, सुमित कुमार, धर्मेंद्र शर्मा, शुभम शर्मा, लव शर्मा, कुश शर्मा, प्रशांत जैन, डा.नीरज अग्निहोत्री, किशनपाल, लोकेश बाबू समेत सभी सहयोगियों को दरबार का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर चंदौसी, बिसौली, बिल्सी, बदायूं, उझानी, इस्लामनगर, वजीरगंज समेत कई नगरों से आए भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
सहयोगियों को सम्मानित करते ललितेश्वरानंद महाराज। संवाद
सहयोगियों को सम्मानित करते ललितेश्वरानंद महाराज। संवाद
सहयोगियों को सम्मानित करते ललितेश्वरानंद महाराज। संवाद