बदायूं। भाजपा की जन विश्वास यात्रा में राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष से लेकर केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी ने साफ संदेश दे दिया कि बदायूं को लेकर भाजपा नेतृत्व बेहद गंभीर है। पार्टी जिले में एक भी सीट को गंवाने के मूड में नहीं है और जीत की खातिर पूरी ताकत झोंकने को तैयार है। सभा में अस्सी फीसदी से ज्यादा भीड़ किसान वर्ग व आम लोगों की रही तो लगे हाथ नेताओं ने भी अपने बयानों का रुख किसानों की ओर मोड़ दिया। यह भी कहा कि सपा सरकार लौटने की स्थिति में अपराध बढ़ने का खतरा बढ़ जाएगा।
नड्डा के संबोधन का सार किसानों के इर्दगिर्द रहा। कहा कि किसानों का भला जितना मोदी ने किया, उतना किसी ने नहीं किया। पहले 22 हजार करोड़ का कृषि बजट होता था, अब यह करीब पांच गुना हो गया है। एक लाख 63 हजार करोड़ रुपये किसानों के खाते में योजना के जरिए सीधे भेजने का काम पीएम मोदी ने किया है। पहले ऊपर से किसानों को मिलने वाले धन का बंदरबांट हो जाता था। उन्होंने कहा कि 2400 रुपये की खाद की बोरी अब 1200 में ही मिलती है। यानि कि पीएम ने एक खाद की बोरी फ्री देने का काम किया है।
नीम कोटेड यूरिया में मिलावट का खतरा भी नहीं बचा है। गन्ना को जिन्ना से जोड़कर भी नड्डा ने सपा पर प्रहार किया। कहा कि सपा सरकार का 11 हजार करोड़ का पुराना भुगतान भी योगी सरकार ने चुकाकर किसानों के चेहरों पर मुस्कान लाने का काम किया है। नड्डा ने आम लोगों को 30 नए मेडिकल कॉलेज, तीन चीनी मिलें, कई एक्सप्रेस वे, इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने का जिक्र कर भाजपा के साथ जोड़ने की कोशिश की।
अलीगढ़ में निर्माणाधीन राजा महेंद्र प्रताप विवि का जिक्र कर भी उन्होंने योगी सरकार का बखान किया। नड्डा के साथ ही केंद्रीय मंत्री महेंद्र प्रताप व बीएल वर्मा ने इस बात पर भी खास जोर दिया कि सपा शासन लौटने पर जनता को खुलेआम लूट, डकैती की वारदातें झेलनी पड़ेंगी। व्यापारियों को अपनी दुकान व लोगों को अपने प्लॉट बचाने मुश्किल हो जाएंगे।
-
नड्डा बोले- अखिलेश ने 15 आतंकी छोड़ने को अर्जी दी थी
नड्डा ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को भाषण में खासतौर पर निशाने पर रखा। कहा कि उन्होंने सरकार बनाते ही 15 आतंकियों को छोड़ने की सिफारिश की थी। बाद में इनमें से चार को फांसी और बाकी को उम्रकैद हुई थी। कहा कि माफिया और बाहुबलियों के यह बुरे दिन हैं और जनता को समझ आ गया है कि यही सुशासन है। कहा कि हम सत्ता में आने को नहीं बल्कि विचार परिवर्तन को आए हैं।
-
ध्रुवीकरण की तैयारी, नेताओं के बयान में धार्मिक धार
नड्डा की सभा में बड़े नेताओं के भाषण भले ही संयत रहे पर धार्मिक धार देते बयानों पर लोगों की वाहवाही भी नेताओं ने भांप ली। वोटों के ध्रुवीकरण को लेकर भाजपा की तैयारी का नजारा सभा में साफ दिखा। नड्डा ने कहा कि जो आचमन नहीं जानते वो चंदन लगा रहे हैं। मंदिर में जाने से इन्हें पहले किसने रोका था पर अब कार सेवकों पर गोली चलवाने वालों के प रिजन मंदिरों में घंटी बजा रहे हैं। कहा कि जम्मू में धारा 370 को मोदी ने जरा देर में धराशाई कर दिया। अब वहां वह 256 कानून भी लागू हो रहे हैं जो पहले नहीं होते थे। नौ करोड़ मुस्लिम महिलाएं तीन तलाक से पीड़ित थीं, मोदी ने बटन दबाकर उसे खत्म कर दिया।