बदायूं सदर कोतवाली क्षेत्र के लालपुर तिराहे के पास एक कार के नीचे युवक घिसटता चला गया। पीछे से आए दूसरे कार सवार ने किसी के कार के नीचे व्यक्ति होने की जानकारी दी। आगे वाले चालक ने कार रोककर देखा तो युवक की मौत हो चुकी थी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची। मौके पर भीड़ जमा हो गई। सड़क पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस कार चालक से पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार देर शाम एक कार शहर के बाहर से लालपुल की ओर से शहर आ रही थी। इसी दौरान पीछे से आए एक स्कार्पियो सवार ने ओवरटेक करते हुए कार चालक को अवगत कराया कि उनकी कार के नीचे कोई युवक खिचड़ता हुआ आ रहा है। चालक ने कार रोकी तो उसके होश उड़ गए। कार के नीचे एक व्यक्ति था, देखा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर जाम लग गया। पुलिस ने मृतक की जेब चेक की, जिसमें आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के अनुसार मृतक बिल्सी थाना क्षेत्र गांव रायपुर निवासी घलेंद्र पुत्र चुन्नी लाल पाया गया। वहीं कार चालक प्रवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वह गांव असरासी निवासी हैं। शहर में भी उनका आवास है। वह रोज गांव से शहर आते हैं। रास्ते में उनकी कार से किसी भी प्रकार का हादसा नहीं हुआ है, फिर युवक कार में कैसे फंसा इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को अवगत कराया है। मामले की जांच की जा रही है।
राज मिस्त्री था मृतक
बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी घलेन्द्र राजमिस्त्री का काम करता था। शुक्रवार की सुबह वह अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। देर शाम सात बजे परिजनों को सूचना मिली कि उसका कहीं एक्सीडेंट हो गया है। इसके बाद परिवार के लोग वहां के लिए रवाना हो गए। शव मोर्चरी में रखा मिला। बताया गया कि उसका शव एक गाड़ी के नीचे खिचड़ता हुआ आ रहा था। परिजनों का आरोप है कि जब वह बाइक से गए थे तो उनका शव गाड़ी के नीचे कैसे आया। यही लोगों को दिक्कत में डाल रहा है।पुलिस मामले की जांच कर रही है
पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। कहां हादसा हुआ है, इसको लेकर के दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
-डॉ- बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी