इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान में तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 28 दिसंबर को इस्लामिया इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोनों नेताओं के बदायूं आने की अधिकारिक सूचना मिलने के बाद पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार देर शाम भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान में पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया।
विधानसभा चुनाव के लिए 15 जनवरी तक आचार संहिता लगने का अनुमान है। इससे पहले भाजपा के बड़े नेता सभी जिलों में पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी ने चुनाव प्रचार में ताकत झोंक दी है। 27 दिसंबर को जिले में भाजपा की जन विश्वास यात्रा पहुंचेगी। सभी विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण के बाद जन विश्वास यात्रा 28 को दातागंज से देवचरा होते हुए बरेली रवाना हो जाएगी। जन विश्वास यात्रा के यहां से निकलने के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जनसभा को संबोधित करेंगे। इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान में होने वाली जनसभा के मद्देनजर भाजपा जिलाध्यक्ष ने शनिवार देर शाम यहां पहुंच कर टेंट, साउंड आदि की तैयारियों को देखा। उनके साथ अजीत वैश्य, हरिओम पाराशरी, मुनीश अग्रवाल, भगवान सिंह मौर्य, मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य आदि रहे। संवाद