बदायूं। शहर के नौ परीक्षा केंद्रों पर बीएड की प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा केंद्रों पर 3808 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, इनमें से 658 परीक्षार्थी दोनों पॉलियों के दौरान गैरहाजिर रहे। परीक्षा के दौरान डीएम समेत जिले के प्रशासनिक, पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी निरीक्षण करते रहे। सभी केंद्रों पर कोविड-19 के नियमों का पालन किया गया।
शुक्रवार को शहर के आठ कॉलेजों नेहरु मेमोरियल शिव नारायण दास डिग्री कॉलेज, गिंदो देवी महिला महाविद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, श्री कृष्णा इंटर कॉलेज, केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज, राजाराम महिला इंटर कॉलेज और राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें 3808 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से सुबह की पाली में 331 परीक्षार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। वहीं शाम की पाली में आयोजित परीक्षा में भी 327 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की कोई दिक्कत न हो, इसके लिए मजिस्ट्रेट अपने केंद्रों पर तैनात रहे। साथ ही परीक्षा कक्षों में निरीक्षण करते रहे। वहीं परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सीटिंग प्लान चस्पा किया था ताकि परीक्षा देने वालों को दिक्कतें न हों।
-
स्क्रीन पर भी देखते रहे परीक्षार्थियों की गतिविधियां
बीएड प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों द्वारा जब पेपर दिया जा रहा था तब कक्ष शिक्षकों के अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी उन पर नजर रखी जा रही थी ताकि आने परीक्षार्थी की ओर से परीक्षा के दौरान किसी अनुचित चीज का उपयोग किया जाए तो उसे आसानी से पकड़ा जा सके। हालांकि जिले में एक भी परीक्षार्थी अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए नहीं पकड़ा गया।
-
थर्मल स्क्रीनिंग के बाद मिला प्रवेश
बीएड परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों को कक्ष में तभी प्रवेश दिया गया, जब उनका थर्मल स्क्रीनिंग से तापमान चेक किया। मास्क की अनिवार्यता की गई थी। कुछ परीक्षार्थी बिना मास्क के ही कॉलेज पहुंचे, तो उन्हीं एंट्री नहीं दी गई। बाद में मास्क पहनने के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया।
-
बंद रहीं फोटोस्टेट की दुकानें
जिला प्रशासन के निर्देशों के बाद में पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के पास में 200 मीटर की परिधि में सभी फोटो स्टेट की दुकानों को बंद करवा दिया। साथ ही कॉलेज के आसपास भीड़ एकत्र नहीं होने दी। केवल जरूरी काम से आने जाने वाले लोगों को कॉलेज की ओर से निकलने दिया गया।
-
एसके इंटर कॉलेज मेें दो केंद्र बने
शहर के आठ कॉलेज में बीएड प्रवेश परीक्षा के नौ केंद्र बनाए गए। इनमें परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इसमें श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज में 400-400 परीक्षार्थियों के दो केंद्र बनाए गए। जहां पर 800 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
-
डीएम ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
डीएम दीपा रंजन ने प्रशासनिक अमले के साथ में राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, गिंदो देवी महिला महाविद्यालय और नेहरू मेमोरियल शिव नारायण दास डिग्री कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरे के व्यू चेक किए। साथ ही पेयजल से लेकर शौचालय तक की स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने वहां पर तैनात अधिकारियों से वार्ता भी की। संवाद