फैजगंज बेहटा थाने पर खड़ा ट्रक क्षतिग्रस्त ऑटो। संवाद
बदायूं। फैजगंज बेहटा थानाक्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रूखाबाद हाईवे पर मुड़िया धुरैकी के पास अलग-अलग हादसों में ऑटो चालक व बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ऑटो चालक ईद मनाने दिल्ली से घर लौट रहा था। वहीं, दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कैलाई का युवक भी दिल्ली से बाइक से घर लौट रहा था। दिल्ली से लौटते हुए दोनों हादसे का शिकार हुए। रविवार को पुलिस ने दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
ईद मनाने दिल्ली से आ रहा था घर, ट्रक की टक्कर से मौत
फैजगंज बेहटा। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव हतरा निवासी वसीम (32) पुत्र छिद्दान दिल्ली में ऑटो चलाकर परिवार का पालन पोषण करते थे। वह ईद मनाने के चलते शनिवार देर रात ऑटो से घर के लिए दिल्ली से लौट रहे थे। इसी बीच फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर मुड़िया धुरैकी के पास रविवार सुबह सात बजे किसी तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वसीम की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वसीम के शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। परिजन रोते बिलखते मौके पहुंच गए। पुलिस ने वसीम के शव का पोस्टमार्टम कराया है। ऑटो चालक की मौत से परिवार में ईद की खुशियों में मातम पसर गया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
फैजगंज बेहटा। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कैलाई निवासी हरिओम (20) पुत्र सूबेदार दिल्ली में नौकरी करता था। शनिवार शाम वह दिल्ली से घर के लिए बाइक से निकला था। देर रात जब वह फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में एमएफ हाईवे पर गांव मुड़िया धुरैकी स्थित मंदिर के पास चौराहे पर पहुंचा। यहां किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से हरिओम खून से लथपथ हालत में होकर सड़क पर गिर गया। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से हरिओम को सीएचसी भिजवाया। यहां मेडिकल परीक्षण में डॉक्टर ने हरिओम को मृत घोषित कर दिया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने बताया कि हरिओम दिल्ली में रहता था। वह चार भाई और चार बहनों में सबसे छोटा था। हरिओम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। संवाद
फैजगंज बेहटा थाने पर खड़ा ट्रक क्षतिग्रस्त ऑटो। संवाद