बदायूं। सिविल लाइंस पुलिस ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या की कोशिश, दहेज उत्पीड़न के मामले में ठेकेदार पति, होमगार्ड ससुर व शिक्षामित्र सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव मल्लाहपुर निवासी आरती ने सिविल लाइंस पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह एकलौती पुत्री है। इस वजह से उसके पिता शिशुपाल ने जमीन बेचकर 15 लाख रुपये शादी पर खर्च किए। उसकी शादी क्षेत्र के मोहल्ला बुध विहार कॉलोनी निवासी ठेकेदार आयुष प्रताप के साथ हुई।
शादी के कुछ दिन बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने पांच लाख रुपये की मांग की। इस पर उसके पिता ने रुपये देने से असमर्थता जताई। इससे बौखलाकर ससुराल पक्ष के लोगों ने उससे मारपीट की। उसके ससुर धीरेंद्र प्रताप होमगार्ड हैं जबकि सास कुंडला देवी शिक्षामित्र है।
नौ फरवरी की शाम पांच बजे पति, सास और ससुर ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। इस पर उसने अपने पिता को सूचना दी। पिता ससुराल आए। जहां उसे पिता के सामने घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति आयुष व सास-ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है।