पुरानी पेंशन बहाली को लेकर रोष मार्च निकालते कर्मचारी।स्रोत: संगठन
बदायूं। पुरानी पेंशन व निजीकरण के विरोध में शुक्रवार को डाॅ. आंबेडकर पार्क में कर्मचारी और शिक्षक एकत्र हुए। उन्होंने एनपीएस और यूपीएस के विरोध में रोष मार्च निकाला। इसके बाद प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल सिंह को सौंपा।
अटेवा के जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह ने कहा कि एनपीएस निजीकरण की नीतियों का परिणाम है। सरकार कर्मचारी व शिक्षक विरोधी नीतियां अपना रही है। एनपीएस के माध्यम से कर्मचारियों और शिक्षकों की भविष्य निधि का निजीकरण कर दिया गया है। अब कर्मचारी के वेतन से हर माह पैसे की भारी भरकम कटौती होने के बावजूद उसे रिटायरमेंट के बाद पेंशन मिलने की कोई गारंटी नहीं है। एनपीएस का संचालन पीएफआरडीए करता है। पुरानी पेंशन ही कर्मचारी व देश हित में है, इसलिए सरकार इसे बहाल करे। इस मौके पर अटेवा के जिला प्रभारी अनिल कुमार यादव, लल्लू सिंह प्रजापति, सुरेन्द्र पाल सिंह, राजेश जौहरी आदि ने भी संबोधित किया। बाद में रोष मार्च निकालते हुए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट सुरेश पाल सिंह को सौंपा गया।