सहसवान में रजिस्ट्ररी कराते लोग। संवाद
बदायूं। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बृहस्पतिवार को जिले के उपनिबंधक कार्यालयों में सर्वर की समस्या काफी हद तक दूर हो गई। सर्वर चालू होते ही कार्यालयों में कामकाज की रफ्तार बढ़ गई और पूरे जिले में कुल 310 रजिस्ट्री संपन्न हो सकीं।
बीते कई दिनों से सर्वर में तकनीकी खामियों के कारण रजिस्ट्री कार्य ठप पड़ा हुआ था, जिससे क्रेता-विक्रेता, दस्तावेज लेखक, अधिवक्ता और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सर्वर के सुचारु रूप से चलने के बाद कार्यालयों में सामान्य कार्यप्रवाह शुरू हुआ तो उपनिबंधक कार्यालयों में रौनक लौट आई।
जिले की सभी पांच तहसीलों बदायूं, बिसौली, दातागंज, बिल्सी और सहसवान के उपनिबंधक कार्यालयों में दिनभर रजिस्ट्री का कार्य चलता रहा। कार्यालयों में लोगों की भीड़ रही और काफी संख्या में लंबित रजिस्ट्रियां पूरी की गईं। सर्वर के सुधरने से दस्तावेज लेखकों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। वहीं, भूमि क्रय-विक्रय से जुड़े लोगों में भी संतोष का माहौल दिखा। अधिकारियों के अनुसार, अब सर्वर की निगरानी लगातार की जा रही है ताकि आगे कामकाज में किसी तरह की तकनीकी बाधा न आए। सदर उपनिबंधक कार्यालय के रजिस्ट्रार सैय्यद नदीम रजा ने बताया कि सर्वर सही होने से काम बेहतर तरीके से शुरू हो गया है।
सहसवान में रजिस्ट्ररी कराते लोग। संवाद