बदायूं। उप्र मदरसा शिक्षा परिषद की ओर से संचालित मुंशी, मौलवी (सेकेंड्री), आलिम (सीनियर सेकेंड्री) की परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। यह प्रक्रिया 20 नवंबर से मदरसा पोर्टल पर प्रारंभ हो गई है। परीक्षार्थी अपने-अपने मदरसों के माध्यम से आवेदन-पत्र ऑनलाइन भर सकते हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 20 दिसंबर निर्धारित की गई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी लालमन ने बताया कि चालान के माध्यम से परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 19 दिसंबर निर्धारित की गई है। जबकि 20 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन-पत्र भरे जा सकेंगे। इसके बाद 22 दिसंबर तक छात्र-छात्राओं के आवेदनपत्र नियमानुसार पोर्टल पर लॉक किए जाएंगे।
साथ ही मदरसों को निर्देश दिया गया है कि आवेदनपत्र लॉक करने के बाद 24 तक चालान की छायाप्रति, मान्यता प्रमाणपत्र, कक्षा 10वीं व 12वीं में कक्षाओं के संचालन के दौरान छात्रों की फोटो, मदरसा मुख्य भवन का फोटो व सभी सूची कार्यालय में जमा करना अनिवार्य है, ताकि आवेदन समय से अग्रसारित किए जा सकें।
वर्ष 2026 की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के प्रवेशपत्र, उपस्थिति पत्रक व डेस्क स्लिप 15 जनवरी को जारी की जाएगी। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी लालमन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई मदरसा परीक्षा आवेदनपत्र भरने में लापरवाही करता है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।