बदायूं। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ की ओर से जुलाई के द्वितीय सप्ताह में जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता कराई जाएगी। संस्कृत महाविद्यालय वेदामऊ वैदिक विद्यापीठ के प्राचार्य व जनपद संयोजक वेदमित्र आर्य ने बताया कि इसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि संस्कृत भाषा को आम जनमानस में बढ़ाने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता कराई जा रही है। इसमें शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, वित्तविहीन, सीबीएसई, संस्कृत बोर्ड, नवोदय, केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे। यह प्रतियोगिता संस्कृत गीत (बाल वर्ग), संस्कृत वाचन (संस्कृत विद्यालय के छात्रों को छोड़कर) व संस्कृत सामान्य ज्ञान वर्ग में होगी। कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए 16 अप्रैल से आवेदन वेबसाइट www.upsanskritpratibhakhoj.com पर शुरू हो गया है।
आवेदन की प्रक्रिया 20 मई तक चलेगी। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्रतियोगिता जुलाई के द्वितीय सप्ताह में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि एक विद्यालय से अधिकतम चार छात्र इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं। एक छात्र एक प्रतियोगिता में ही प्रतिभाग कर सकेंगे। इस आयोजन संस्कृत विद्यालय वेदामऊ वैदिक विद्यापीठ में किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में अव्वल आने वाले छात्र-छात्राओं को शासन से पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।