बदायूं। नए साल को लेकर साइबर ठगी की आशंकाओं के मद्देनजर जिले की पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस के अनुसार साइबर अपराधी नए साल के मौके पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस बार ‘हैप्पी न्यू ईयर’ के नाम से आकर्षक डिजाइन वाले मैसेज, ई-कार्ड और लिंक भेजकर लोगों को जाल में फंसाया जा सकता है। ऐसे में पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनजान नंबर या संदिग्ध मैसेज से सतर्क रहें और किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी विनोद वर्धन ने बताया कि नए साल पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बधाई संदेशों की भरमार है। इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग लुभावने ऑफर, पैन कार्ड, आधार कार्ड या अन्य निजी जानकारी मांगने वाले मैसेज भेज सकते हैं। ऐसे संदेशों से दूरी बनाए रखना जरूरी है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
एपीके फाइल से रहें दूर
कोतवाली सदर इंस्पेक्टर संजय सिंह के मुताबिक साइबर अपराधी बधाई संदेश के साथ एपीके फाइल भेजते हैं। इस फाइल को डाउनलोड करते ही मोबाइल अपराधियों के नियंत्रण में चला जाता है। इसके माध्यम से फोटो, वीडियो, ओटीपी और बैंकिंग डाटा तक एक्सेस किया जा सकता है।
ऐसे बचें साइबर ठगी से
-अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
-केवल प्ले स्टोर या आईओएस स्टोर से ही जेनुइन एप डाउनलोड करें।
-किसी को भी बैंकिंग डिटेल या ओटीपी साझा न करें।
-लुभावने ऑफर या लालच में न आएं।
-मोबाइल में मजबूत पासवर्ड और टू-स्टेप ऑथेंटिकेशन चालू रखें।
-साइबर फ्रॉड होने पर 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत करें।