बदायूं। जनपद बदायूं में निराश्रित और आवारा गोवंश की बढ़ती संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में सैदपुर और अलापुर ब्लॉक क्षेत्रों में दो नए पशु शेल्टर होम (गोशालाएं) बनाए जाने की योजना है। प्रत्येक शेल्टर होम में 500-500 गोवंशों को रखने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए प्रति शेल्टर होम पर लगभग 1.65 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। जमीन तलाशी जा रही है।
नगरीय क्षेत्रों में पशुओं के प्रति क्रूरता को रोकने व छुट्टा पशुओं के पुनर्वासन के लिए नगर निकायों में कान्हा गोशाला और बेसहारा पशु आश्रय योजना शासन की ओर से शुरू की गई है। योजना के तहत नगर निकायों में गोशाला और पशु शेल्टर होम में एकरूपता लाए जाने के दृष्टिगत प्रत्येक निकाय में न्यूनतम 500 गोवंश को रखने के लिए पशु शेल्टर होम बनाए जाएंगे।
इन पशु आश्रयों में चारा, पानी, चिकित्सा सुविधा और शेड की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। इसको लेकर संयुक्त सचिव कल्याण बनर्जी की ओर से पत्र जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि नगर पंचायत सैदपुर और अलापुर में पशु शेल्टर होम बनाए जाने के लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) बनाकर भेजें। विभागीय अधिकारी इसको लेकर जमीन की तलाश कर रहे हैं। इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी समदर्शी सरोज का कहना है शासन के निर्देशों के क्रम में काम किया जा रहा है। जमीन की तलाश जारी है।