कुंवरगांव। एक युवक को झूठे मुकदमे में गांव के कुछ लोगों ने फंसा दिया था। पुलिस जांच में क्लीनचिट मिलने के बाद युवक की मां ने सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इससे नाराज दबंगों ने महिला व उसके परिवार के लोगों को पीट दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कुंवरगांव थानाक्षेत्र के गांव बागरपुर निवासी लक्ष्मी ने बताया कि तीन अप्रैल को गांव के यादराम ने एक फर्जी मामले में उसके बेटे सुनील के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी थी। पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस ने जांच की तो उसका बेटा बेगुनाह साबित हुआ। इस पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया था। इस तरह से यादराम कई अन्य लोगों पर झूठे मुकदमे फंसवा चुके हैं। इसकी शिकायत सीएम पोर्टल पर की तो 11 अप्रैल की शाम यादराम, नवलदीप, माधव, प्रखर, सत्यवीर, प्रतापभान आदि लोग लाठी डंडा लेकर उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने उसे व उसके बेटे को पीटा। परिवार के नेमचंद्र, महेंद्र, शकुंलता ने बीच बचाव किया तो उनको भी मारा। वह थाने गई तो पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि यादराम का बेटा शिवम खुद को एनएसजी कमांडो बताकर पुलिस पर दबाव बनाता है। सीएम पोर्टल पर शिकायत के अब आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।