दातागंज। डीएम अवनीश राय ने दातागंज में बनवाए जा रहे अमृत सरोवर निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि दिसंबर 2025 तक गुणवत्तापरक कार्य पूर्ण कर दें। इसी क्रम में डीएम ने पुलिया निर्माण का भी मुआयना किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता नगर पालिका परिषद दातागंज ने बताया कि अमृत सरोवर के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को सौंपी गई है। इसे करीब पांच पांच एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जा रहा है। इस सरोवर पर 3.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सरोवर में पानी की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए फिल्ट्रेशन कार्य कराया जा रहा है।
दिसंबर तक पूर्ण कराएं पेयजल परियोजना : डीएम
दातागंज। डीएम अवनीश राय ने दातागंज नगर पालिका क्षेत्र में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत स्वीकृत पुनर्गठन पेयजल परियोजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इससे 6126 घरों को शुद्ध और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति हो सकेमा। डीएम ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिए कि समस्त कार्य 31 दिसंबर तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। सहायक अभियंता जल निगम शहरी मनोज कुमार ने बताया कि दातागंज पुनर्गठन पेयजल योजना की स्वीकृत लागत 24 करोड़ रुपये है। इसके तहत 1500 किलो लीटर क्षमता का एक ओवरहेड टैंक का निर्माण किया गया है। योजना के अंतर्गत छह ट्यूबवेलों का निर्माण होना है, उसमें से पांच के काम पूरे हो चुके हैं। इसी प्रकार 54 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जानी है, जिसमें से अब तक 38 किलोमीटर कार्य संपन्न हो चुका है। इससे दातागंज के 6126 घरों को शुद्ध और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
-
25 अक्तूबर तक पूरा करना है निर्माण कार्य
बदायूं। जिलाधिकारी ने शुक्रवार को तहसील दातागंज के ब्लॉक उसावा स्थित निर्माणाधीन स्वर्गीय रामपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था आवास विकास परिषद के अभियंताओं को निर्देशित किया कि 25 अक्तूबर तक कार्य पूर्ण करें। उन्होंने प्रत्येक कक्ष का मुआयना किया। आवास विकास परिषद के सहायक अभियंता पंकज गुप्ता ने बताया कि 5910 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में महाविद्यालय बनाया जा रहा है। इसकी लागत 9.12 करोड़ रुपये है। महाविद्यालय भवन में 10 कक्षाएं, चार प्रयोगशालाएं, एक कंप्यूटर हॉल, एक पुस्तकालय, प्राचार्य कक्ष, स्टाफ रूम बनाया जा रहा है। मार्च 2025 में इसकी अंतिम किस्त मिल गई है। संवाद