बदायूं। अल्पसंख्यक अधिकार दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। अल्पसंख्यक कल्याण व वक्फ विकास विभाग ने गोष्ठी की। साथ ही अल्पसंख्यक वर्ग के 15 पात्र लोगों को लोन के लिए स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
मुख्य अतिथि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा उपाध्यक्ष शीराज अल्वी रहे, अध्यक्षता जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रूवैद अख्तर ने की। इस अवसर पर तनवीर अहमद की किताब का विमोचन किया गया। शीराज अल्वी ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के विकास के लिए सरकार अपनी भूमिका निभा रही है। उनके कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रहीं हैं। उन्होंने कहा कि समाज का कोई भी तबका विकास से वंचित रहेगा तो देश कमजोर होगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रूवैद अख्तर ने अल्पसंख्यकों के लिए जिले में संचालित योजनाओं जैसे छात्रवृत्ति, मदरसा आधुनिकीकरण, शादी अनुदान योजना, सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए इनका लाभ उठाने की बात कही। इस दौरान 15 लोन लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
इस अवसर पर मुफ्ती दिलशाद, हाफिज ताहिर, अफ्फान, तनवीर अहमद, आसिफ, सलीम अहमद, मुजाहिद, वसीम सगीर अहमद आदि उपस्थित रहे।
-
अल्पसंख्यकों के अधिकारों को अनदेखा कर रही है हुकूमत
अल्पसंख्यक अधिकार दिवस पर समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव व पूर्व सदस्य जिला पंचायत हाजी इरफान ने बयान जारी कर कहा कि भारत के संविधान के मुताबिक देश के हर नागरिक को समान अधिकार मिलने चाहिए. चाहे वह किसी भी जाति, धर्म, भाषा या समुदाय का हो। जबसे सत्ताधारी बीजेपी ने केंद्र सरकार में शासन संभाला है, तब से अल्पसंख्यक वर्ग पर सुनियोजित तरीकों से हमले बढ़ रहे हैं। उनके हितों की अनदेखी हो रही है। सरकार से मांग की कि अल्पसंख्यकों के मन से भय हटाने के लिए अलग से कानून बनाया जाए।
-
ककराला में हुआ कार्यक्रम
ककराला। अल्पसंख्यक अधिकार दिवस पर मदरसा शमीमा खातून में एक कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि नामित सभासद गुलरेज बेगम ने विचार रखे। उन्होंने अल्पसंख्यक हित में शासन की योजनाओं पर हर्ष जताया। संचालन कर रहे आदिल ख़ान ने उपस्थित छात्राओं और उनके अभिभावकों सहित अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों का आभार व्यक्त किया। संवाद