बदायूं। कछला नवीन स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर विवादों में आ गया है। यहां तैनात एक स्टाफ नर्स पर प्रसूता से अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। उझानी क्षेत्र के गांव पालपुर निवासी महिला ने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पालपुर निवासी हिरदेश कुमार की पत्नी वचन देवी को 26 मई को कछला नवीन स्वास्थ्य केंद्र में सामान्य प्रसव के माध्यम से बेटे का जन्म हुआ था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद छुट्टी देने से पहले स्टाफ नर्स ने 2100 रुपये की मांग की। काफी अनुरोध के बावजूद रुपये लिए बिना छुट्टी नहीं दी गई। परिजनों का कहना है कि उन्हें आश्वासन दिया गया था कि प्रसव और टांकों का उपचार पूरी तरह निशुल्क होगा, लेकिन इसके बावजूद रुपये वसूले गए। आरोप है कि प्रसव के दौरान महिला को तीन टांके लगाए गए थे। घर पहुंचने के कुछ दिन बाद टांकों में तेज दर्द और परेशानी होने लगी।
रविवार को महिला उपचार के लिए दोबारा स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और केंद्र प्रभारी डॉ. महेश प्रताप सिंह को लिखित शिकायत दी। शिकायत में स्टाफ नर्स पर अभद्र व्यवहार और मरीजों से धनराशि लेने के शिकायत की है। केंद्र प्रभारी डॉ. महेश प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। शिकायत को अग्रिम कार्रवाई के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को भेज दिया गया है। मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।