बदायूं समेत यूपी के कई जिलों में अलर्ट
- फोटो : अमर उजाला
देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को लाल किला के पास कार में हुए बम ब्लॉस्ट के बाद बदायूं, अलीगढ़, पीलीभीत समते यूपी के कई जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाको में पुलिस प्रमुख सार्वजनिक स्थल,रेलवे, बस स्टेशन, होटल, ढाबा, लॉज में चेकिंग कर रही है। इसके साथ ही भीड़ भाड़ वाले प्रमुख बाजारों के आस पास भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे है। संदिग्ध लोगों से पुलिस पूछताछ भी कर रही है।
डीएम अवनीश राय व एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। शहर में लावेला चौक, बस, रेलवे स्टेशन, घंटाघर से लेकर अन्य प्रमुख बाजारों, सराफा बाजार समेत भीड़भाड़ वाले इलाको में पुलिस ने संदिग्ध लोगों की चेकिंग का काम शुरू कर दिया है।
खासकर यहां बस स्टेशन से दिल्ली के यात्री काफी संख्या में जाते हैं। हर आधे घंटे में दिल्ली के लिए रोडवेज की बस भी चलती हैं। इसको लेकर यहां से आने व जाने वाले यात्रियों से भी पूछताछ कर उनके सामान की चेकिंग हो रही है। एसएसपी डॉ बृजेश सिंह, एसपी ग्रामीण ह्देश कठेरिया, सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय समेत शहर व सिविल लाइंस कोतवाल पुलिस टीम के साथ लगातार चेकिंग कर रहे है।
खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय
पुलिस के साथ खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई है। पुलिस की एसओजी टीम भी लगातार निगरानी कर रही है। बस व रेलवे स्टेशनों के आस पास संदिग्धाें पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिस टीमाें को लगाया गया है।
दिल्ली धमाके के बाद अलीगढ़ में हाई अलर्ट
अलीगढ़ शहर में संवेदनशील व सांप्रदायिक स्थलों पर गश्त बढ़ाई। सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस ने बीडीएस संग चेकिंग की। चूंकि अलीगढ़ सिमी का गढ़ रहा है। यहां आतंकियों को पनाह मिलती रही है। इसलिए यहां विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। रात में होटलों, आउट स्कर्ट के इलाकों में भी सघन चेकिंग व निगरानी की योजना है। डीआईजी व एसपी सिटी स्तर से लगातार निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
पीलीभीत में अलर्ट
दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके की घटना के बाद पीलीभीत जिले हाई अलर्ट जारी किया गया। पुलिस ने सोमवार शाम से ही खूफिया एजेंसियों के साथ शहर और भारत-नेपाल सीमा से सटे गांवों में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
आगरा में अलर्ट जारी
- फोटो : अमर उजाला
ताजमहल के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा-व्यवस्था
दिल्ली में धमाके के बाद आगरा में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड के साथ भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। ताजमहल के पास अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि सभी पुलिस थानों को अलर्ट कर दिया गया है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
मेरठ में सड़कों पर उतरे अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ में सड़कों पर उतरे अधिकारी
दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट मामले को लेकर मेरठ एनसीआर में हाई अलर्ट घोषित हो गया हैं, जिसके चलते मेरठ में भी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात की गई है और साथ ही एसएसपी डॉ. विपिन ताडा समेत सभी अधिकारी भी ग्राउंड ज़ीरो पर चेकिंग अभियान चला रहे हैं। इसके साथ ही शहर के होटलों में भी पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया और रजिस्टर्स चेक किए।