अलापुर। कार की चपेट में आने से गोवंश की मौत होने के बाद उसावां सीएचसी के डॉ. राहुल सिद्धार्थ पर हमला और उनकी कार में तोड़फोड़ करने के मामले में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार को घेरा है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मामले की जांच कराकर हमले में शामिल लोगों की पहचान कराने और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
अलापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बिचपुरी गांव के पास उसावां अस्पताल में तैनात डॉ. राहुल सिद्धार्थ की कार की टक्कर से गोवंश घायल हो गया था। घटना के बाद जुटे ग्रामीणों ने डॉक्टर के साथ मारपीट कर उनकी कार क्षतिग्रस्त कर दी थी। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए।
घायल डॉक्टर ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले को लेकर अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर लिखते हुए कहा कि डॉक्टर पर हमला करने वालों की वीडियो के आधार पर एआई से पहचान कराकर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। अखिलेश ने कहा कि यदि डॉक्टरों में आक्रोश बढ़ा और वे आंदोलन के लिए मजबूर हुए तो बीमारियों के इस मौसम में खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ सकता है।