दंगल में जोर आजमाइश करते पहलवान। संवाद
दहगवां। दंगल के तीसरे दिन हाथरस से आए पहलवान अजीत ने नोएडा के बॉवी को हराकर 11 हजार रुपये का इनाम जीत लिया। नगर में चल रहे माधव किसान मेला, नुमाइश व दंगल के तीसरे दिन दूरदराज से आए पहलवानों ने जोर आजमाइश की। सोमवार को 33 कुश्तियां हुईं। इनमें 13 कुश्ती बराबर पर छूटीं।
दंगल में पहली कुश्ती हाथरस के पहलवान अजीत व नोएडा के रोहित के बीच हुई। इसमें अजीत ने बॉबी को पछाड़कर कुश्ती अपने नाम कर 11 हजार का इनाम जीता। छतारी से आईं महिला पहलवान आरती ने सेमरी के अर्जुन, अलीगढ़ के प्रशांत ने गदरिया गंगीरी के छोटे पहलवान को, अयोध्या के बाबा ने दिल्ली के रोहित को हराया।
दातागंज के पहलवान जगदीश ने छतारी के सुमित को, दादों के प्रीतम ने हरदुआगंज के सन्नी को, अलीगढ़ के भूटिया ने हाथरस के राहुल को, अतरासी के अखिलेश ने मई के रमेश को हराया।
इसके अलावा दहगवां के गोविंद ने कूड़ई के करन को, पवन ने कृष्णा को और जिजोड़ा के नवनीत ने रसूलपुर के बंटी को चित किया। इस मौके पर सिविल जज केशव गुप्ता, मयंक गुप्ता व सुभाष चन्द्र गुप्ता, विश्वजीत गुप्ता, नरेश चन्द्र गुप्ता, माधव गुप्ता, पिंटू मोदी आदि मौजूद रहे।