नलकूप कनेक्शन के नाम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया
भाकियू नेताओं ने की प्रदर्शन की अगुवाई, एसई को ज्ञापन दिया
भारतीय किसान यूनियन ने विद्युत विभाग पर खुले भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए इसके विरोध में मंगलवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान भाकियू नेताओं ने कहा कि नलकूप के नए कनेक्शन जारी करने के नाम पर बिजली विभाग के लोग किसानों का शोषण कर रहे हैं। भाकियू कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष नरेशपाल सिंह राठौर ने कहा कि किसानों का शोषण बंद नहीं हुआ तो बिजली विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। यह मुद्दा भाकियू की नौ से 11 जनवरी तक इलाहाबाद में होने वाली महापंचायत में उठाकर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
भाकियू कार्यकर्ता मालवीय आवास पर एकत्र होने के बाद बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुउ अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे। यहां भी बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष कल्लूराम सक्सेना ने कहा कि नलकूप के नए कनेक्शन के लिए एस्टीमेट के नाम पर किसानों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उनसे पैसे मांगे जा रहे हैं। जिलाध्यक्ष नरेशपाल ने कहा कि विद्युत विभाग में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। बिजली के बिलों में भी मनमानी की जा रही है। इससे किसान परेशान हो रहा है। दुर्गपाल सिंह और हवलदार सिंह ने भी नाराजगी जताई। प्रदर्शन में कौशल शर्मा, अशोक कुमार, अबरार अहमद, मुकेश कुमार, कमर जहां, सपना देवी, सोहनपाल, मुकेश कुमार, अमर सिंह, मायादेवी, रामदेवी, उदयवीर सिंह, राजाराम, राशिद अली, सत्य शेखर आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।