दातागंज। को-ऑपरेटिव सचिव के कार्यालय में काम करने वाली महिला ने सचिव की मौत के बाद खुद को उनकी पत्नी बताकर जमीन में अपना और अपने बच्चों को नाम चढ़वा लिया। इसके बाद उसने सचिव की जमीन बेच दी। वास्तविक पत्नी को जानकारी हुई तो उसने तहसील में शिकायत की है।
धमी पत्ती गांव निवासी माया देवी के पति शिव सिंह को-ऑपरेटिव में सचिव थे। वह पुवायां में तैनात रहे और वर्ष 2015 में एक दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। नगरिया खनू गांव की जमीन उनकी पत्नी माया देवी व पुत्र राजेश सर्वेश और बृजेश के नाम आ गई। शिव सिंह की जहां नियुक्ति थी, उसी कार्यालय में तैनात सोनी ने खुद को शिव सिंह की पत्नी बताकर उनकी जमीन में अपना नाम जुड़वा लिया। इसकी जानकारी जब माया देवी और उनके पुत्रों को हुई तो उन्होंने तहसीलदार दातागंज न्यायालय में मुकदमा दायर किया। 17 मार्च 25 को माया देवी मुकदमा जीत गईं और जमीन उनके व बेटों के नाम आ गई। लेकिन तब तक सोनी डेढ़ बीघा जमीन का बैनामा गांव के ही दिनेश, इनेश और विनेश के नाम कर दिया। माया देवी इस बैनामा को खारिज कराने के लिए अधिकारियों से गुहार लगा रही हैं। एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही।