रुदायन की पालिकाध्यक्ष पर होगी कार्रवाई
-डीएम ने अध्यक्ष के साथ पीडब्ल्यूडी के एई पर भी कार्रवाई की संस्तुति की
-सड़क निर्माण में सामने आई थीं वित्तीय अनियमितताएं
नगर पंचायत रुदायन में नया सवेरा योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य में वित्तीय अनियमितताएं पाए जाने पर जिलाधिकारी पवन कुमार ने अध्यक्ष कांती देवी एवं लोक निर्माण विभाग के तत्कालीन अभियंता मनोज सेंगर के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए शासन को संस्तुति पत्र भेज दिया है।
नगर पंचायत रुदायन में विछले वर्षों में सड़क निर्माण कार्य कराए गए थे। निर्माण के बाद अनियमितताओं के मामले सामने आए थे। इनको का संज्ञान में लेते हुए डीएम ने अध्यक्ष कांती देवी को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा था तो अध्यक्ष ने नोटिस के जवाब में उत्तर दिया कि उनकी शैक्षिक योग्यता कक्षा पांच तक है। उन्हें वित्तीय नियमों की पूरी जानकारी नहीं है। नगर पंचायत के बाबू सुंदर लाल ने उन्हें भ्रमित करते हुए अवगत कराया कि संबंधित प्रकरण में समस्त औपचारिकताएं पूर्ण करके ही बिल भुगतान के लिए चेक पर हस्ताक्षर किए गए। डीएम ने प्रकरण वित्तीय क्षति से संबंधित होने तथा अध्यक्ष के कार्यकाल के चार वर्ष से अधिक समाप्त हो जाने के कारण जवाब संतोषजनक नहीं माना। उन्होंने अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति शासन को कर दी है। लोक निर्माण विभाग के तत्कालीन अवर अभियंता मनोज सेंगर ने तो जिला प्रशासन द्वारा भेजे गए नोटिस का जवाब देना भी उचित नहीं समझा। डीएम ने इसे घोर अनुशासनहीनता एवं लापरवाही का द्योतक मानते हुए वित्तीय नियमों का पालन न करने पर उनके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेज दी है।
--
कोट...
निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुणवत्ता मानक के विरुद्ध होेने तथा वित्तीय नियमों का पालन न करने पर किसी भी अधिकारी, कर्मचारी के साथ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।
-पवन कुमार, डीएम