बिसौली। हाईस्कूल की छात्रा से राह चलते छेड़खानी कर उसे निर्माणाधीन मकान में खींचने की कोशिश की घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल से कब्जे में ली बुलेट मोटरसाइकिल के पंजीकरण नंबर के आधार पर आरोपी युवक की पहचान कर ली है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। संभल में भी दबिश दी है।
मामला बुधवार सुबह पैगा भीकमपुर के पास का है। आरोप है कि स्कूल जा रही छात्रा का बुलेट सवार युवक ने पीछा कर साइकिल रुकवाई और उसका हाथ पकड़कर मोबाइल फोन का नंबर मांगा। मना करने पर निर्माणाधीन मकान में खींचने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर राहगीर मौके की ओर दौड़े तो आरोपी मौके पर बुलेट छोड़कर भाग निकला।
पुलिस ने छात्रा की मां की तहरीर पर अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सूत्रों के अनुसार आरोपी पक्ष के कुछ लोग पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। इसे लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
वहीं सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि कोतवाली पुलिस की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जनपद संभल भेजी गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।