अलापुर। 23 सितंबर को दिनदहाड़े मकान का मेन गेट का ताला तोड़कर लाखों रुपये कीमत के जेवर और नकदी चोरी करने का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद दिखाया है।
ककराला के वार्ड छह निवासी फजले अली खां दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि उनके भाई मुकर्रब अली शिक्षक हैं और वह बाहर रहते हैं। घर में उनके बच्चे और पत्नी रहते हैं। बीती 23 सितंबर को उनकी पत्नी निश्त बेगम घर में ताला लगाकर बरेली दवा लेने गई थीं। दिन में करीब चार बजे मेन गेट का ताला तोड़कर चोर घर में रखी अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत लाखों की चोरी कर ले गए।
चोर सीसीटीवी कैमरे में जाता हुआ दिखाई पड़ा था। इससे पुलिस को चोर की पहचान करना आसान हो गया। पुलिस ने इस मामले में इलमान निवासी कबूलपुरा गोटिया, थाना कोतवाली बदायूं को गिरफ्तार किया है।
सीओ अशेष नाथ सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने चोरी करने की बात कबूल की है। उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर और सात हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।