बदायूं। ट्रैक्टर किराये पर लेकर वापस नहीं करने, धोखाधड़ी करने और धमकी देने के आरोप में सिविल लाइंस थाना में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हसनपुर सोरों, कासगंज निवासी मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने किराये पर ट्रैक्टर लेने के बाद उसे हड़प लिया। रुपये मांगने पर जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। मनोज ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उसने वर्ष 2024 में नया ट्रैक्टर खरीदा था। प्रदीप कुमार निवासी थाना उसावा बदायूं और मनप्रीत सिंह निवासी थाना अमरिया पीलीभीत ने मिट्टी डालने के कार्य के लिए ट्रैक्टर 30 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर लिया था।
एक माह बाद जब किराया और ट्रैक्टर वापस मांगा गया तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। उसके बाद ट्रैक्टर और रुपये देने से मना कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है। मनोज ने बताया कि उसने पहले भी पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली गई। न्यायालय के आदेश पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद