उसावां (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव गौतरा में शनिवार रात एक घर में आग लगने से हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने काफी मेहनत कर आग पर काबू पाया। मकान मालिक के अनुसार करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
हादसा शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। थाना क्षेत्र के गांव गौतरा के मोहल्ला मुकट हल्ली निवासी मनोज कुमार के घर में अचानक आग लग गई। परिवार वालों ने जब कमरे से धुआं निकलता देखा तो दौड़ पड़ेे। परिवार वालों का शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के तमाम लोग आ गए। उन्होंने जब तक आग बुझाई तब तक कमरों में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। मनोज कुमार ने बताया कि काफी सामान के अलावा 42 हजार रुपये की नकदी भी जल गई है। करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने बताया कि आग कैसे लगी अभी इसका पता नहीं चला है। परिवार के लोग बाहर सो रहे थे। सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल ने क्षति का आकलन किया है।