बदायूं-मेरठ हाईवे पर मुजरिया थाना क्षेत्र में कार की टक्कर के बाद मौके पर पड़ी बाइक।
- फोटो : BADAUN
मुजरिया (बदायूं)। बदायूं-मेरठ हाईवे पर बुधवार दोपहर कार की टक्कर से बेटे की मौत हो गई। जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों लोग बाइक पर घरेलू सामान खरीदने कौल्हाई की बाजार आ रहे थे। हाईवे पार करने के दौरान कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार और बाइक कब्जे में ले ली है।
थाना क्षेत्र के गांव ज्वालापुर निवासी बनवारी लाल (40) और उनका बेटा सोमेंद्र (12) बुधवार दोपहर बाइक पर घरेलू सामान खरीदने कौल्हाई की बाजार आ रहे थे। उस दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए थे। कौल्हाई के नजदीक पहुंचते ही उन्होंने पेट्रोल डलवाने के लिए जैसे ही बाइक पंप की ओर घुमाई कि तभी सामने से तेज रफ्तार में आई कार ने जबरदस्त टक्कर मार दी।
इस हादसे में दोनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस भी वहां पहुंच गई और दोनों घायलो को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान ले गई। जहां डॉक्टर ने सोमेंद्र को मृत घोषित कर दिया। बनवारी लाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताते हैं कि सोमेंद्र गांव के ही प्राथमिक विद्यालय ज्वालापुर में कक्षा तीन का छात्र था।