अलापुर (बदायूं)। अलापुर कस्बे में रविवार दोपहर इमादनपुर गांव निवासी दुर्गेश की डीसीएम से कुचलकर मौत हो गई। वह अपने पांच माह के बेटे का एक अस्पताल में इलाज करा रहे थे।
ग्राम इमादपुर निवासी दुर्गेश (27) का पांच माह का बेटा पिछले दो दिन से बीमार है। इससे दुर्गेश ने अपने बेटे को शनिवार को अलापुर कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रात को दुर्गेश अस्पताल में रुके। रविवार दोपहर वह कुछ सामान खरीदने के लिए अस्पताल से बाहर गए। तभी सड़क पार करते समय उन्हें म्याऊं की ओर से आई डीसीएम ने ने टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर जा गिरे। तभी उसी डीसीएम का पहिया दुर्गेश के ऊपर से उतर गया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। वहां मौजूद कुछ लोगों ने डीसीएम को घेरने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
इसकी सूचना मिलने पर परिवार वाले मौके पर जा पहुंचे। परिजन दुर्गेश को जिला अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन ने दुर्गेश का अंतिम संस्कार कर दिया।