बदायूं। थाना क्षेत्र के ग्राम राजबरौलिया गांव में शुक्रवार देर शाम कुएं की सफाई करते समय अचानक ढांग गिर गई, जिसके नीचे एक युवक दब गया। जबकि उसके भाई और भतीजा बाल-बाल बच गए। युवक के नीचे दबने के बाद परिवार वालों में हड़कंप मच गया। गांव वालों ने तुरंत कुएं की खुदाई शुरू कर दी। इसके लिए दो जेसीबी और 12 ट्रैक्टर लगाए गए। करीब चार घंटे बाद उसे बाहर निकाला जा सका। युवक सकुशल है।
ग्राम राजबरौलिया निवासी लक्ष्मन (30) पुत्र जागन सिंह शुक्रवार शाम अपने बड़े भाई हरीश चंद्र और भतीजा विक्रम पुत्र हरीश चंद्र के साथ गांव से कुछ दूर खेत में बने कुएं की सफाई कर रहे थे। बताते हैं कि लक्ष्मन कुएं में नीचे घुस गया था। वह सफाई करके ईंटें आदि बाल्टी में रखता जा रहा था। जबकि हरीश और उसका बेटा रस्सी के सहारे बाल्टी कुएं से बाहर खींच रहे थे। शाम करीब सात बजे अचानक कुएं की ढांग गिर गई, जिसमें लक्ष्मन दब गया। जैसे ही ढांग गिरी कि दोनों पिता-पुत्र पीछे कूदकर जा गिरे। इससे दोनों सकुशल बच गए। हरीश ने भाई को कुएं में दबते देखकर तुरंत परिवार वालों को सूचना दी। परिवार वालों के अलावा गांव के दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह जेसीबी का इंतजाम किया। फिर उससे कुएं की खुदाई शुरू कर दी गई। गांव से 12 ट्रैक्टर आ गए, जो मिट्टी हटाने में लग गए। इसकी सूचना पर सीओ बिल्सी संजय कुमार रेड्डी और तहसीलदार अशोक सैनी, इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार मौके पर पहुंच गए। करीब चार घंटे तक खुदाई चलती रही। तब कहीं युवक को बाहर निकाला जा सका। युवक को जीवित देखकर परिवार वालों को खुशी का ठिकाना न रहा। उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। इस हादसे में युवक को कुछ गुम चोटें आई हैं।