कादरचौक और शहर के बाईपास पर हुए हादसे, हादसों के बाद लगा भीषण जाम
बदायूं। ककोड़ा मेला जा रही श्रद्धालुओं से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली अलग-अलग स्थानों पर टकरा गईं। एक ट्रैक्टर-ट्रॉली प्राइवेट बस से टकराई तो दूसरी ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से। इन हादसों में नानी-धेवती समेत चार लोगों की मौत हो गई। जबकि करीब डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जाम भी लग गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चार लोगों को बरेली रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों के पोस्टमार्टम करा दिए हैं।
पहला हादसा सोमवार देर रात हुआ। वजीरगंज क्षेत्र के कस्बा सैदपुर निवासी सुबोध शर्मा अपने परिवार समेत करीब 15 लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से ककोड़ा मेला जा रहे थे। उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली कस्बे का ही प्रदीप चला रहा था। सोमवार देर रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बाईपास पर बरेली की ओर से आई एक प्राइवेट बस ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। इस हादसे में सुबोध शर्मा की पत्नी अनुपम शर्मा (35) और पूनम शर्मा (53) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ममता शर्मा (38), सीमा शर्मा (30), रामा शर्मा (60) समेत एक सात साल का बालक घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बस को दौड़ा ले गया। श्रद्धालुओं की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने बस को उझानी इलाके में रोक लिया। उसके बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इधर, दूसरा हादसा मंगलवार तड़के करीब छह बजे कादरचौक क्षेत्र में हुआ। सिविल लाइंस क्षेत्र के ग्राम नौशेरा निवासी सचिन अपने रिश्तेदार और परिवार के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से ककोड़ा मेला जा रहे थे। रास्ते में ग्राम असरासी के पास कछला से आ रही ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। इससे सचिन की ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे जाकर पलट गई। इस हादसे में सचिन की मां श्रीदेवी (70) और भांजी ज्योति (15) निवासी ग्राम सामंतीनगला, उझानी की मौत हो गई। जबकि सचिन (26), उसकी बहन शालिनी, प्रदीप (25) पुत्र महेंद्र निवासी ग्राम गहोरा बिसौली, नौशेरा निवासी सोहनलाल, उनकी बेटी सुष्मिता (17), संभल जिले के रजपुरा निवासी शिवांग (22), उसकी मां सुधा (45), मान्या (15) निवासी रजपुरा, नीरज (22) निवासी नौशेरा और ग्राम गहोरा बिसौली निवासी गेंदनलाल (50) घायल हो गए। हादसे के बाद श्रद्धालुओं में चीखपुकार मच गई। सड़क पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से सचिन, सुष्मिता, वीरेंद्र समेत चार लोगों को बरेली रेफर कर दिया गया है।